बूथ जीतना कार्यकर्ता का सर्वप्रथम लक्ष्य होः मंत्री भूपेन्द्र सिंह, खुरई क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता जीत का रिकार्ड बनाने मेहनत करेंः मंत्री भूपेन्द्र सिंह
बूथ विस्तारक अभियान-2 की बांदरी मालथौन मंडल कार्यशाला संपन्न
सागर। मालथौन। कांग्रेस पार्टी नेता, नीति, संगठन और मुद्दा विहीन होकर क्षेत्रीय दल बन चुकी है। खुरई विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस मुक्त हो चुका है। खुरई विधानसभा क्षेत्र में अगले चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता संकल्पित होकर जीत का रिकार्ड बनाने के लिए मेहनत करेंगे। यह उद्गार नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने मालथौन में आयोजित बूथ विस्तारक अभियान-2 के तहत आयोजित बांदरी, मालथौन मंडल की कार्यशाला को संबोधित करते हुए व्यक्त किए हैं। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को गौरव है कि हम सब देश और दुनिया की सबसे बड़ी ऐसी पार्टी के सदस्य हैं जिसके नेता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय और ताकतवर नेता हैं। भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के मूल्यों वाली त्यागी, तपस्वियों, राष्ट्रवादियों की पार्टी है जिसने अयोध्या में राममंदिर निर्माण और कश्मीर से धारा 370 हटाने का काम किया है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि देश में भाजपा के अलावा सभी पार्टियां परिवारवाद पर चलने वाली क्षेत्रीय पार्टियां हैं, जिनके आधे से ज्यादा नेता भ्रष्टाचार में जेलों में है या जेल जाने वाले हैं।
नगरीय विकास मंत्री श्री सिंह ने कहा कि झूठे वायदों पर बनी कमलनाथ सरकार की काठ की हांडी को एक बार चढ़ा कर जनता ने देख लिया है। जनहित की सारी योजनाएं कमलनाथ दादा ने बंद कर दी थीं। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने फिर से सारी योजनाएं शुरू कर दीं हैं। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सभी भाजपा कार्यकर्ता 25 मार्च से 30 अप्रैल तक अपने बूथ के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में लाडली बहना योजना के फार्म भरवाने निकलें।
मंत्री श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 14 से 21 मार्च तक चलने वाले बूथ विस्तारक अभियान में बूथ समितियां और पन्ना प्रमुखों की नियुक्तियां सुनिश्चित रूप से करें। इन समितियों में सभी समाजों के कार्यकर्ताओं का समावेश करें। भले ही बूथ समिति की सदस्य संख्या 21 से बढ़ जाए पर अनुसूचित जाति, जनजाति, महिला आदि सभी वर्गों से सदस्यों को शामिल करें। श्री सिंह ने कहा कि नेता, कार्यकर्ता कितना भी बड़ा क्यों न हो अपना बूथ जीतना उसका सर्वप्रथम लक्ष्य होना चाहिए। पार्टी की ताकत उसका बूथ कार्यकर्ता हैं जो बूथ जीता तो चुनाव जीता के मंत्र पर चलता है।
कार्यक्रम में बूथ विस्तार अभियान -2 के मंडल प्रभारी निकेश गुप्ता ने कार्यशाला में पार्टी के आई टी से सुसज्जित होने के प्रयासों की जानकारी दी। पार्टी के जिला आईटी प्रमुख बालकृष्ण सोनी ने कार्यकर्ताओं को संगठन ऐप के संचालन का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के ’मन की बात’ कार्यक्रम के श्रोता समूह आयोजन को संगठन ऐप में प्रविष्ट करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ता इस प्रविष्टि के साथ अपने विचार और प्रतिक्रियाएं भी एप पर दर्ज कर सकते हैं। कार्यक्रम में मालथौन मंडल अध्यक्ष रामकुमार बघेल और बांदरी मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह पप्पू मुकद्दम, महिला मोर्चा की मंडलों की अध्यक्ष श्रीमती आशा देवेन्द्र जैन और श्रीमती लक्ष्मी लोधी सहित सभी वरिष्ठ भाजपा नेता, शक्ति केंद्रों के प्रभारी, संयोजक, सहसंयोजक, पालक, सोशल मीडिया प्रभारी, सहप्रभारी उपस्थित थे। मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं दीं।

भाजपा में शामिल हुए
मालथौन में बूथ विस्तारक अभियान-2 के मंच से क्षेत्र के पलेथनी ग्राम से संतोष सिंह बुंदेला, चंदन सिंह बुंदेला और हनुमत सिंह बुंदेला पलेथनी ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने भाजपा का गमछा पहनाकर नवागत सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।