सागर युवा मोर्चा: वाजपेयी जी ने राजनीति, साहित्य और समाज के हर क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी– भूपेंद्र सिंह

भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा अटल जी की जन्म जयंती ‘सुशासन दिवस’ पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, हजारों की संख्या में शामिल हुए मोर्चा कार्यकर्ता

वाजपेयी जी ने राजनीति, साहित्य और समाज के हर क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी – भूपेंद्र सिंह

अटल जी का व्यक्तित्व ही ऐसा था कि समाज के सभी तबकों में वे लोकप्रिय रहे – गौरव सिरोठिया

अटल जी ने हमेशा मजबूत भारत का सपना देखा, उन्होंने देश की आत्मरक्षा के लिए साहसिक फैसला लिए – यश अग्रवाल

सागर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे “सुशासन दिवस” पर भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला सागर द्वारा अटल भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल के नेतृत्व में धर्मश्री स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष श्री गौरव सिरोठिया, सागर सांसद  राजबहादुर सिंह, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, वरिष्ठ भाजपा नेता  सुशील तिवारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित अटल जी ने अधिकांश समय विपक्ष में बिताया है। इसके बावजूद उन्होंने निरंतर जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए और अपने सिद्धांतों से कभी विचलित नहीं हुए। अपनी दूरदर्शिता और शब्दों के साथ भाषा पर बेजोड़ पकड़ की वजह से वाजपेयी जी ने राजनीति, साहित्य और समाज के हर क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी। चाहे कैसी भी कठिनाइयां सामने रही हो, अटल जी ने अपने मजबूत इरादों के साथ उनका डटकर मुकाबला किया है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने जो संघर्ष का रास्ता अपनाया था। उसी विचारधारा के परिणाम स्वरूप आज देश की अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकार हैं।

जिला भाजपा अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व ही ऐसा था कि समाज के सभी तबकों में वे लोकप्रिय रहे। अटल जी खुले दिल वाले व्यक्ति थे, वे अपने विरोधी दलों के नेताओं की अच्छी बातों की सराहना करने से नहीं चूकते थे। अटल जी के भाषण की बहुत चर्चा होती है, लेकिन जितनी ताकत उनके भाषण में थी, उतनी ही उनके मौन में थी। लोकतंत्र में विरोधी होने के बावजूद एक दूसरे के प्रति कैसे आदर भाव रखना चाहिए, ये अटल जी की शख्सियत से बेहतर कोई नहीं सिखा सकता। अटल जी का सम्पूर्ण राजनीतिक जीवन साफ-सुथरा रहा। कोमल हृदय के धनी वाजपेयी जी ने हर मौके पर राजनीतिक मजबूती का परिचय दिया। फिर चाहे देश का मुद्दा हो या विदेशी सरोकार से संबंधित मामला। हर बार बड़ी ही बेबाकी और साफगोई से उन्होंने अपनी राय रखी।

युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष यश अग्रवाल ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी जननेता के साथ ओजस्वी वक्ता भी थे। सड़क से लेकर संसद तक उनकी बातें और उनके विचार सुनने को आम आदमी से लेकर बड़े से बड़े नेता उत्सुक रहते थे। वाजपेयी जी ने भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने में कड़ी मेहनत की। जन-जन तक पार्टी की स्वीकार्यता बढ़ाने में उनका खास योगदान है। अटल जी के प्रधानमंत्री रहते देश के सामने कई बड़ी चुनौतियां आईं, लेकिन हर बार अटल जी ने देश को मुश्किलों से उबारने में कामयाबी हासिल की। अटल जी ने हमेशा एक मजबूत भारत का सपना देखा, वे चाहते थे कि भारत के शांतिप्रिय होने का कोई विरोधी देश नाजायज फायदा न उठाए। इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री रहते देश की आत्मरक्षा के लिए कई साहसिक फैसला लिए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top