47 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ पकड़ा, सागर लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई
पन्ना। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस सागर ने गुरुवार को पन्ना में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए 47 हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
लोकायुक्त के अनुसार आरोपी संतोष कुमार चिकवा (55), पटवारी हल्का नंबर 20, जनवार तहसील पन्ना, द्वारा डूब क्षेत्र की जमीन के मुआवजा एवं पुनर्वास राशि से जुड़े काम के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने गुरुवार 10 सितंबर को जिला चिकित्सालय पन्ना के सामने गेट पर ट्रैप कार्रवाई की।
शिकायत के मुताबिक आरोपी पटवारी ने पहले 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसमें 30 हजार रुपए पहले दिए जा चुके थे। इसके बाद शेष राशि की मांग की जा रही थी। सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने 47 हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी संतोष कुमार चिकवा को पकड़ लिया।
मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके, निरीक्षक रंजीत सिंह एवं लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम द्वारा की गई।


