29 नवंबर को सागर में भाजपा की पदयात्रा, तैयारियों के बीच कांग्रेस ने उठाए सवाल,‘भीड़ जुटाओ, लाज बचाओ’ बताया अभियान
नड्डा, मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल होंगे शामिल, भाजपा ने मोर्चा-प्रकोष्ठों को सौंपी जिम्मेदारियां; कांग्रेस ने वोट चोरी के आरोपों पर जवाब मांगा
सागर। भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 29 नवंबर को सागर में प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में होने वाले इस आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, कांग्रेस ने इस अभियान की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया है।
सागर के धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने विभिन्न मोर्चा और प्रकोष्ठों की बैठक लेकर पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए बूथ स्तर तक पहुंचने, टोलियां गठित करने और आमजन को कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए। नवनियुक्त मोर्चा कार्यकारिणी के सदस्यों का स्वागत भी किया गया।
इधर, पदयात्रा की तैयारियों को लेकर कार्यक्रम संयोजक एवं विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन तथा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक भी की। इसमें बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित करने और जनसंपर्क के जरिए कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कांग्रेस ने अभियान पर उठाए सवाल
दूसरी ओर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने भाजपा के अभियान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने यात्रा को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के बजाय ‘भीड़ जुटाओ, लाज बचाओ’ करार देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी के सवालों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यात्राओं और शक्ति प्रदर्शन का सहारा ले रही है।
चौरसिया ने इंदौर और भोपाल में आयोजित यात्राओं का हवाला देते हुए भाजपा पर भाड़े की भीड़ जुटाने का आरोप लगाया। उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इंदौर में मुख्यमंत्री के पहुंचने का इंतजार किए बिना यात्रा शुरू कर दी गई। कांग्रेस प्रवक्ता ने इसे भाजपा के कथित जनसमर्थन और संगठनात्मक समन्वय पर सवाल खड़े करने वाला घटनाक्रम बताया।
सागर की यात्रा से पहले सियासी सवाल तेज
कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा को जनता का वास्तविक समर्थन प्राप्त है तो उसे बूथ-बूथ जाकर लोगों को जोड़ने और भीड़ जुटाने के लिए इतनी मशक्कत क्यों करनी पड़ रही है? उन्होंने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए वोट चोरी के आरोपों का जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल नारों और यात्राओं से नहीं, बल्कि निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची और मताधिकार की सुरक्षा से मजबूत होता है।
फिलहाल 29 नवंबर की पदयात्रा भाजपा के लिए संगठनात्मक ताकत और जनसंपर्क का बड़ा प्रदर्शन मानी जा रही है। वहीं कांग्रेस के आरोपों ने आयोजन से पहले ही राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि भाजपा का यह अभियान सागर में कितनी जनभागीदारी जुटा पाता है और विपक्ष के सवालों का पार्टी किस तरह जवाब देती है।


