पति की हत्या कर शव सिलेंडर में भरने का वायरल दावा निकला फर्जी, पुलिस ने दी कार्रवाई की चेतावनी
रीवा। सोशल मीडिया पर रीवा के नाम से वायरल हो रहा एक वीडियो, जिसमें महिला द्वारा पति की हत्या कर शव के टुकड़े गैस सिलेंडर में भरने का दावा किया जा रहा है, पूरी तरह फर्जी निकला है। रीवा पुलिस ने इस वीडियो का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि जांच में वायरल वीडियो का दावा पूरी तरह भ्रामक पाया गया है और इसका रीवा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को गुमराह करने और भ्रम फैलाने के उद्देश्य से इस तरह की झूठी सामग्री सोशल मीडिया पर साझा की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक वीडियो को साझा न करें। ऐसे फर्जी वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने कहा कि अफवाहों पर विश्वास करने के बजाय केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।


