सागर नगर निगम ने बनाया बाढ़ नियंत्रण कक्ष, आपदा से निपटने इंतजामात हुए

नगर निगम ने बनाया बाढ़ नियंत्रण कक्ष, आपदा से निपटने 24 घंटे रहेगी निगरानी

सागर, 9 जून। आगामी वर्षा ऋतु में संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश पर नगर निगम की पुरानी बिल्डिंग के कक्ष क्रमांक-43 में यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित रहेगा।

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के मार्गदर्शन में स्थापित इस नियंत्रण कक्ष के लिए फायर प्रभारी सईद्रुद्दीन कुरैशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नियंत्रण कक्ष में अधिकारी एवं कर्मचारी तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे और अवकाश के दिनों में भी सेवाएं जारी रहेंगी। नागरिक जलभराव, बाढ़ अथवा अन्य आपात स्थितियों की सूचना टोल फ्री नंबर 07582-224550 पर दे सकेंगे।

निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें तथा बेहतर समन्वय के साथ आपदा प्रबंधन कार्यों को अंजाम दें। स्वास्थ्य विभाग को सफाई संसाधन उपलब्ध कराने एवं प्रमुख नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं वाहन शाखा को ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आवश्यक राहत सामग्री तैयार रखने को कहा गया है।

इसके अलावा भवन एवं भूमि शाखा को जर्जर एवं खतरनाक भवनों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। लोककर्म विभाग के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखेंगे और आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगे।

उद्यान विभाग को वर्षा और तेज हवा के दौरान गिरने वाले वृक्षों को हटाने तथा स्टोर शाखा को टॉर्च, दस्ताने, बरसाती सहित अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि वर्षाकाल में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here