सागर : शराब के लिए रुपये नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला, जांघ में लगी चोट…
सागर। खुरई के शहरी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में उपचार दिया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति को देखते हुए सागर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बेरी निवासी 28 वर्षीय राजाबाबू राजपूत, पिता जंडेल सिंह राजपूत, अंबेडकर चौराहा क्षेत्र से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद धीरज प्रजापति ने उनसे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। जब राजाबाबू ने पैसे देने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया गया है कि पैसे नहीं मिलने पर धीरज प्रजापति ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। राजाबाबू ने इसका विरोध किया और उसे ऐसा करने से रोका। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने चाकू निकाल लिया और उन पर हमला कर दिया। हमले में चाकू राजाबाबू की जांघ में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल ले गए। वहीं सूचना मिलने पर शहरी थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। आरोपी धीरज प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


