अतुल जड़िया हत्याकांड में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी अमित सोनी गिरफ्तार, पूरी साजिश का पर्दाफाश
सागर। थाना मोतीनगर क्षेत्र अंतर्गत हुए हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दिनांक 02 जून 2026 को फरियादिया श्रीमती कमलाबाई पति स्वर्गीय कपूरचंद्र सोनी, उम्र 80 वर्ष, निवासी मोहन नगर, थाना मोतीनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम लगभग 5:30 बजे वह अपने नाती अतुल जड़िया के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान उनका पुत्र अमित सोनी अपने पुत्रों देव सोनी, देवांश सोनी एवं दिव्यांश सोनी के साथ घर पहुंचा तथा संपत्ति विवाद को लेकर अतुल जड़िया के साथ गाली-गलौज एवं विवाद करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अतुल जड़िया को पकड़कर जमीन पर पटक दिया तथा आरोपी देव सोनी ने लोहे के पाइप से उसके सिर पर लगातार प्रहार किए। घटना के दौरान अमित सोनी एवं उसकी पत्नी तनु सोनी द्वारा भी अन्य आरोपियों को उकसाया गया। गंभीर चोट लगने से अतुल जड़िया की मृत्यु हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
उक्त रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 611/2026 अंतर्गत धारा 296(ए), 115(2), 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर श्री लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सागर श्री ललित कश्यप के नेतृत्व में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा लगातार की गई कार्रवाई के दौरान प्रकरण में शामिल तीन आरोपियों एवं एक विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। इसी क्रम में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमित कुमार सोनी पिता स्वर्गीय कपूरचंद्र सोनी, उम्र 58 वर्ष, निवासी मोहननगर, सागर को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से प्राप्त जेल वारंट के आधार पर उसे केंद्रीय जेल सागर में न्यायिक अभिरक्षा में दाखिल कराया गया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली गई है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक पी.डी. ठाकुर, उप निरीक्षक गौरव गुप्ता, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक माधव सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश तथा आरक्षक अरुण, राजेश, मंजीत, दीपक एवं सत्येन्द्र की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।


