24 घंटे में खुला विद्युत तार चोरी का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख का माल बरामद

0

24 घंटे में खुला विद्युत तार चोरी का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख का माल बरामद
सागर। बहरोल थाना पुलिस ने विद्युत तार चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया विद्युत तार और उससे संबंधित सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार थाना बहरोल में विद्युत तार चोरी की शिकायत के बाद अपराध क्रमांक 117/2026 दर्ज किया गया था। प्रकरण में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 136 विद्युत अधिनियम 2003 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं एसडीओपी बण्डा प्रदीप वाल्मीकि के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आजिम मकरानी (32) निवासी कजलीवन टपरा, थाना केंट सागर, शहबाज मोमिन (26) निवासी कजलीवन टपरा, थाना केंट सागर तथा संदीप लोधी (20) निवासी ग्राम सगोरिया, थाना बहरोल शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 700 मीटर विद्युत तार एवं लगभग 12 क्विंटल विद्युत तार मूस बरामद किया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय बण्डा में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें उपजेल बण्डा भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह लोधी सहित नाथूराम दोहरे, प्रमोद बागरी, राजेश पाण्डेय, विवेक भारके, पुष्पेन्द्र जादौन, अनिल पटैल, विकास एवं गोमती ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here