जिला बदर आरोपी शहर में घूमता मिला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जिला बदर आरोपी शहर में घूमता मिला, मोतीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

सागर। जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर सागर शहर में घूम रहे एक आदतन अपराधी को मोतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 6 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला बदर किया गया आरोपी ऐशु उर्फ यशवंत अहिरवार (40 वर्ष) निवासी संत रविदास वार्ड, थाना मोतीनगर, सागर शहर में मौजूद है और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी सागर शहर में मौजूद रहने का कोई वैध कारण अथवा सक्षम अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, घर में घुसकर हमला, तोड़फोड़, जातिगत अपमान एवं अवैध शराब से जुड़े कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते जिला प्रशासन द्वारा आरोपी को 12 माह के लिए सागर एवं आसपास के जिलों की सीमाओं से निष्कासित (जिला बदर) किया गया था। इसके बावजूद वह आदेश का उल्लंघन करते हुए शहर में पाया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।

सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अशोक तथा आरक्षक अभिषेक चौहान, नरस और गौरव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here