बीजेपी के अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के बाद कांग्रेस का ‘एक पेड़-एक कार्यकर्ता’ अभियान शुरू, श्मशान घाट में वृक्षारोपण किया

बीजेपी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के बाद कांग्रेस का ‘एक पेड़-एक कार्यकर्ता’ अभियान शुरू, काकागंज श्मशान घाट पर हुआ वृक्षारोपण

सागर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के बाद अब कांग्रेस ने भी ‘एक पेड़-एक कार्यकर्ता’ अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को काकागंज श्मशान घाट परिसर में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक-3 के अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।

महेश जाटव ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। वे न केवल प्राणवायु प्रदान करते हैं, बल्कि बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने, वर्षा जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि “एक पेड़-एक कार्यकर्ता” अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार वृक्षारोपण किया जाएगा।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित रामजी दुबे ने कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण का निर्माण है।

कार्यक्रम में राकेश राय, हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे, डॉ. आनंद हेला, सिंटू कटारे, बंटी कोरी, द्वारका चौधरी, भैयन पटेल, गीता कुशवाहा, डॉ. किरणलता सोनी, ज्योति मलैया, अर्चना कनौजिया, रेखा अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि प्रदेशभर में चल रहे वृक्षारोपण अभियानों के बीच कांग्रेस का ‘एक पेड़-एक कार्यकर्ता’ अभियान भी पर्यावरण संरक्षण के साथ संगठन को सक्रिय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रकृति संरक्षण के लिए ऐसे अभियान निश्चित रूप से लाभदायक साबित होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here