लाखा बंजारा कॉरिडोर पर नाबालिग ने लगाई तालाब में छलांग, युवक ने बचाई जान

लाखा बंजारा कॉरिडोर पर नाबालिग ने लगाई तालाब में छलांग, युवक ने बचाई जान

सागर। शहर के लाखा बंजारा कॉरिडोर पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पारिवारिक नाराजगी के चलते एक नाबालिग बच्चे ने तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन मौके पर मौजूद एक युवक की तत्परता से उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, गोपालगंज थाना क्षेत्र निवासी नाबालिग किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान था। बताया जा रहा है कि परिजनों की डांट-फटकार से नाराज होकर वह लाखा बंजारा तालाब पहुंचा और अचानक पानी में कूद गया। बच्चे को तालाब में कूदता देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

इसी दौरान पास में मौजूद रिजवान खान नामक युवक ने बिना समय गंवाए तालाब में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक की सूझबूझ और साहस के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और उसके परिजनों को सूचित किया। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

गनीमत रही कि बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है। स्थानीय लोगों ने समय रहते साहसिक कदम उठाकर बच्चे की जान बचाने वाले रिजवान खान की जमकर सराहना की। पुलिस ने भी युवक के साहस और मानवता की भावना की प्रशंसा की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here