बैंकॉक से 10 करोड़ का गांजा लेकर मुंबई पहुंचा सागर का युवक गिरफ्तार

0

बैंकॉक से 10 करोड़ का गांजा लेकर मुंबई पहुंचा सागर का युवक गिरफ्तार

Ad 1

कस्टम विभाग की कार्रवाई: ट्रॉली बैग से मिला 9.81 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा, आरोपी के पिता सागर में एक समाज के पूर्व अध्यक्ष 

सागर/मुंबई। सागर के एक प्रतिष्ठित परिवार और समाज के पूर्व अध्यक्ष का बेटा अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के मामले में मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया है। मुंबई कस्टम विभाग ने आरोपी के पास से 9.81 करोड़ रुपये मूल्य का उच्च श्रेणी का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। आरोपी की पहचान सागर निवासी रवि राजपूत के रूप में हुई है, जिसे एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया था जाल

जानकारी के अनुसार, कस्टम विभाग को 5 अप्रैल की सुबह बैंकॉक से आने वाली एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में ड्रग्स लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुस्तैद अधिकारियों ने संदेह के आधार पर रवि राजपूत को रोका। जब उसके ट्राली बैग की सघन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से 9.819 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा निकला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

पिता चलाते हैं डेयरी, बेटा निकला तस्कर

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रवि राजपूत सागर में अपने पिता के डेयरी व्यवसाय में हाथ बंटाता था और अधिकांश समय सागर में ही रहता था। उसके पिता शहर के एक विशेष समाज के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं, और सागर के सुभाष नगर में रहते हैं, बेटे की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर आरोपी के पिता ने अपने बड़े बेटे को मुंबई भेजा है।

बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं तार

पुलिस और कस्टम विभाग अब इस गुत्थी को सुलझाने में लगे हैं कि महज 22-25 साल का युवक इतने बड़े तस्करी कांड में कैसे शामिल हुआ। जांच के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

सप्लाई चेन: यह गांजा बैंकॉक में किसने दिया और भारत में इसकी डिलीवरी कहां होनी थी?

लोकल कनेक्शन: क्या यह ड्रग्स सागर में ही खपाया जाना था या रवि सिर्फ एक ‘कूरियर’ (कैरियर) के तौर पर किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह के लिए काम कर रहा था?

फंडिंग: इतनी महंगी खेप खरीदने के लिए पैसा कहां से आया?

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वर्तमान में उसे न्यायिक हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।

खबर गजेंद्र ठाकुर – 9302303212

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here