बोरे में मिली लाश पर बवाल : परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम, आरोपियों के मकान गिराने की मांग

0

बोरे में मिली लाश पर बवाल : परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम, आरोपियों के मकान गिराने की मांग

Ad 1

सागर जिले में हत्या कर बोरे में शव फेंकने के सनसनीखेज मामले ने रविवार को उग्र रूप ले लिया। मृतक के परिजनों ने बंडा के बरा चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए।
परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनके मकान गिराने की मांग की। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और जाम खत्म किया।
दरअसल, शनिवार सुबह कर्रापुर क्षेत्र में राजा ढाबा के पास सड़क किनारे एक बोरा संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था। बोरे पर खून लगा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खोला तो उसके अंदर एक व्यक्ति का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जांच के दौरान मृतक की पहचान महेंद्र पिता कोमल अहिरवार (38) निवासी ग्राम भेड़ा, बंडा के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि महेंद्र शुक्रवार शाम को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मृतक अपने पीछे पत्नी और 12 साल की बेटी छोड़ गया है और वह बकरी चराने का काम करता था।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे महेंद्र की पत्नी से उसकी आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें उसने आधे घंटे में घर आने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महेंद्र की हत्या कुल्हाड़ी से की गई। उसके सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान हैं और एक कान कटा हुआ मिला है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को साड़ी की रस्सी से बांधकर बोरे में भरा और वाहन से लाकर सड़क किनारे फेंक दिया।
मृतक के हाथ में रोटी और ककड़ी का टुकड़ा भी मिला है, जिससे अंदेशा है कि वारदात के समय वह भोजन कर रहा था या कहीं जा रहा था।
फिलहाल बहेरिया थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है, जिस पर प्रशासन ने नियमानुसार मदद का आश्वासन दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here