सागर रेलवे स्टेशन पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी
सागर रेलवे स्टेशन परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बाहर प्रवेश द्वार के पास करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
घटना को लेकर जीआरपी और कैंट पुलिस के बीच पंचनामा कार्रवाई को लेकर कुछ देर असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि, आपसी समन्वय के बाद कैंट पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की मौत बीमारी के कारण हुई हो सकती है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल कैंट पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


