स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर बीआरसीसी समेत तीन अधिकारियों पर शोषण और साजिश के आरोप लगाए
सागर जिले के कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान राहतगढ़ क्षेत्र से आई एक महिला ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। ग्राम किशनपुर की निवासी और खुशी स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष विनोदबाई अहिरवार ने दोपहर करीब 1 बजे आवेदन प्रस्तुत कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
महिला का कहना है कि मध्यान्ह भोजन योजना के तहत वर्ष 2021 से कार्य करने के बावजूद उन्हें कई महीनों तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। जब उन्होंने अपने मेहनताना की मांग की और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, तो उन पर दबाव बनाकर शिकायत वापस लेने के लिए मजबूर किया गया।
विनोदबाई ने बीआरसीसी जगदीश पटेल, मध्यान्ह भोजन प्रभारी विनोद ताम्रकार और जन शिक्षक हरिनारायण कुर्मी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरी मांगने के बाद उनके स्व-सहायता समूह को ही बंद करा दिया गया। साथ ही, उन्हें बदनाम करने की कोशिश भी की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके बैंक खाते में राशि जमा कर उसे होल्ड कर दिया गया, जिससे वे अपनी ही मजदूरी नहीं निकाल सकीं। इतना ही नहीं, समूह के अन्य सदस्यों को भी गुमराह कर संगठन को खत्म करने की साजिश रची गई।
महिला ने अधिकारियों पर जातिगत भेदभाव, अपमान और षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने आवेदन स्वीकार कर मामले की जांच कराने का भरोसा दिलाया है।


