डीजे फ्रेम गिरने से किशोर की मौत, मकरोनिया में फूटा गुस्सा, चक्काजाम कर किया प्रदर्शन

0

डीजे फ्रेम गिरने से किशोर की मौत, मकरोनिया में फूटा गुस्सा, चक्काजाम कर किया प्रदर्शन

Ad 1

सागर। मकरोनिया के कृष्णानगर क्षेत्र में हनुमान प्रकटोत्सव की शोभायात्रा के दौरान गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। डीजे वाहन पर लगा साउंड सिस्टम का लोहे का फ्रेम अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर आर्यन की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, शोभायात्रा होटल पैराडाइज के पास पहुंची थी, तभी सड़क पर बने ब्रेकर से गुजरते समय डीजे वाहन उछल गया और पीछे लगा भारी साउंड फ्रेम व बॉक्स नीचे गिर पड़े। उस समय डीजे के पीछे नाच रहे करीब आधा दर्जन लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान आर्यन ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। पुलिस ने डीजे वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की पड़ताल जारी है।
इधर, शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया, आक्रोश भड़क उठा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मकरोनिया के शांति रेस्टोरेंट के सामने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और हादसे के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया। वहीं नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने फोन पर परिजनों से बात कर शोक व्यक्त किया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वेच्छानुदान से 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को मकरोनिया नगर पालिका में नौकरी दिलाने की बात कही।
आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए और चक्काजाम समाप्त कर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। यह घटना शहर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here