संभाग के सभी विद्यालयों, हॉस्टलों में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपातकालीन नंबर भी अंकित करे — संभाग कमिश्नर
भविष्य से भेंट अभियान में शामिल हुए संभाग कमिश्नर, बच्चों से उनके अनुभव भी किया सांझा, साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन
बच्चों को पाठ्य पुस्तकें एवं खेल सामग्री का किया वितरण
सागर 02 अप्रैल 2026
गुणवत्ता युक्त शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकासपरक शिक्षा प्रदान करें एवं विद्यालयों में प्रत्येक माह पालकों की बैठके आयोजित की जाएं साथ ही संभाग के सभी विद्यालयों, हॉस्टलों में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपातकालीन नंबर भी अंकित करें। उक्त निर्देश संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने सागर जिले के बंडा विकासखंड अंतर्गत बरा माध्यमिक शाला में भविष्य से भेंट कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों से संवाद करते हुए शिक्षकों एवं अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अधिकारी श्री विवेक केवी, एसडीएम श्रीमती आरती यादव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं शिक्षक मौजूद थे।
संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी नवीन शैक्षणिक सत्र के आरंभ पर प्रवेश उत्सव के तहत आज बंडा विकासखंड स्थित शासकीय माध्यमिक शाला बरा पहुंचे जहां उन्होंने विद्यालय की समग्र व्यवस्था, शिक्षण गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कमिश्नर ने पूरे स्कूल परिसर का विस्तृत जायजा लिया और विद्यार्थियों तथा शिक्षकों से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों के साथ बातचीत करते हुए उनसे अपना अनुभव सांझा किया एवं बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने मध्यान्ह भोजन में मेन्यू के अनुसार तैयार किए गए कड़ी, चावल की गुणवत्ता, स्वाद तथा स्वच्छता की जांच करते हुए उन्होंने स्वयं ही बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया।
संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने शाला के पुराने रिकॉर्ड को देखा, उन्होंने 1876 का स्कूल रिकॉर्ड देखा, 28 नवंबर 1876 से शुरु हुई विजिटर बुक जो कि चार भाषाओं में अंकित हैं वह आज भी सुरक्षित है जिसे देखकर कमिश्नर ने स्कूल प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने स्कूल का लेखा रिकॉर्ड, उपस्थिति पंजी रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की भी गहन जांच की। कमिश्नर ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें तथा खेल सामग्री का वितरण किया।
संभाग कमिश्नर ने शाला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था, कक्षाओं की मरम्मत और पंखों की स्थिति, वेंटीलेशन, फर्नीचर जैसी आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई को बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने, आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने तथा सभी कक्षाओं में उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
भविष्य से भेंट कार्यक्रम
“स्कूल चलें हम” अभियान के दूसरे दिन शालाओं में “भविष्य से भेंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध, प्रबुद्ध और सम्मानित व्यक्तियों को एक प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से भेंट के लिये आमंत्रित किया गया जिसके परीपेक्ष्य में कमिश्नर अनिल सुचारी आज बण्डा स्थित बरा माध्यमिक शाला पहुंचे। इसी दिन स्थानीय स्तर पर विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी, साहित्यकार, कलाकार, मीडिया, संचार मित्रों, पुलिस अधिकारी, राज्य शासन के अधिकारी को विशेष रूप से आमंत्रित किया जायेगा। आमंत्रित अतिथि उपस्थित बच्चों को पढ़ाई के महत्व और प्रेरणादायी कहानियां सुनायीं गयीं। इस दौरान विद्यार्थियों को शाला उपयोगी वस्तुएं भेंट की गयीं।


