गौरीदांत जंगल में चाकू की नोक पर लूट: मोबाइल-नकदी छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध गौरीदांत जंगल में युवक और उसकी महिला रिश्तेदार को अकेला पाकर लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 4 अप्रैल को हुई इस वारदात में आरोपियों ने चाकू अड़ाकर पीड़ितों से एक मोबाइल और 4 हजार रुपए नकद लूट लिए थे।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर सोमवार को दोनों आरोपियों को दबोच लिया है। वर्तमान में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और नकद रुपए जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
चाकू अड़ाकर लूटे थे 4 हजार नकद और मोबाइल
पुलिस के अनुसार, सागर निवासी फरियादी अनुज नामदेव 4 अप्रैल को अपनी एक रिश्तेदार युवती के साथ जंगल के बीच स्थित प्रसिद्ध क्षेत्र गौरीदांत में दर्शन करने गया था। जब वे गौरीदांत पहुंचे, तभी उन्हें सुनसान इलाके में अकेला पाकर दो युवकों ने पकड़ लिया। आरोपियों ने चाकू अड़ाकर धमकाया और उनका मोबाइल सहित चार हजार रुपए नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पकड़े गए दोनों आरोपी
वारदात के बाद फरियादी अनुज ने सुरखी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया और आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल की मदद से लूटे गए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कराई गई। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने सोमवार को दबिश देकर आरोपी चंदन चढार (निवासी टंकी मोहल्ला, सुरखी) और छोटू रैकवार (निवासी काकागंज, सागर) को पकड़ लिया।
पूछताछ में वारदात कबूली, टीम में ये रहे शामिल
थाने लाकर जब दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल और नकद रुपए जब्त कर लिए गए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में सुरखी थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु, एएसआई विमल परस्ते, प्रधान आरक्षक नीलम कुमार, नरेंद्र जादौन, नौबत कुमार, आरक्षक उमाशंकर, प्रेमचंद, ब्रजेन्द्र और रवि मिश्रा शामिल रहे।


