कचरा फेंकने वालों की अब खैर नहीं, ‘कचरा खुद बोलेगा’ अभियान के तहत मोबाइल दुकान पर लगा जुर्माना
सागर। शहर की सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री द्वारा शुरू किए गए नवाचार ‘कचरा खुद बोलेगा मैं किसका हूँ’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान प्राइवेट बस स्टैंड पर सड़क पर फैले कचरे के ढेर से कचरा फेंकने वाले की पहचान की गई, जिसके बाद साईंकृपा मोबाइल दुकान संचालक पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
प्राइवेट बस स्टैंड के औचक निरीक्षण पर निकले निगमायुक्त श्री खत्री ने जब सड़क पर कचरे का ढेर देखा, तो उन्होंने उसकी बारीकी से जांच कराई। जांच में पाया गया कि कचरे में मोबाइल स्क्रीनगार्ड की पैकिंग और अन्य एक्सेसरीज का वेस्ट शामिल था। पड़ताल करने पर पास ही स्थित साईंकृपा मोबाइल दुकान की पहचान हुई। दुकान संचालक ने सड़क पर कचरा फेंकना स्वीकार किया, जिस पर तत्काल चालानी कार्रवाई करते हुए एक हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया। साथ ही संचालक को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में कचरा केवल नगर निगम की कचरा गाड़ी में ही डालें।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के माध्यम से नगर निगम उन लोगों को चिन्हित कर रहा है जो डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहन की सुविधा होने के बावजूद सार्वजनिक स्थलों, सड़कों या नालियों में कचरा फेंकते हैं। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सागर को कचरा मुक्त और सुंदर शहर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग अनिवार्य है। यदि घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा के बाद भी कोई अपनी आदतों में सुधार नहीं करता है, तो उन पर इसी तरह सख्त जुर्माने की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि शहर की स्वच्छता रैंकिंग में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।


