नशे के खिलाफ एमपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 दिनों में सवा करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 16 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

नशे के खिलाफ एमपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 दिनों में सवा करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 16 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

Ad 1

भोपाल। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा के निर्देश पर प्रदेशभर में नशा माफियाओं के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के शुरुआती पांच दिनों में ही पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस की यह कार्रवाई केवल नशे की पकड़-धकड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने पर भी केंद्रित है।

इसी कड़ी में रतलाम पुलिस ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अवैध ड्रग्स फैक्ट्री चलाने वाले आरोपियों की 16 करोड़ 16 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी है। यह कार्रवाई ‘सफेमा’ (SAFEMA) कानून के तहत की गई है, जिससे तस्करों के आर्थिक तंत्र पर कड़ा प्रहार हुआ है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी पुलिस काफी सक्रिय नजर आ रही है। नीमच में 62 लाख रुपये की एमडीएमए और अफीम पकड़ी गई है, जबकि आगर मालवा में 25 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं।

इंदौर, उज्जैन, शिवपुरी और मंदसौर जैसे शहरों में भी पुलिस ने स्मैक, गांजा और एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद की है। वहीं बैतूल में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है जो उड़ीसा से सब्जी के ट्रक की आड़ में गांजे की सप्लाई करता था। छिंदवाड़ा में प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट पर भी कार्रवाई की गई है। मध्य प्रदेश पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से साफ है कि राज्य में नशे के कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए प्रशासन अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here