सागर में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान, शादी के जोड़े में मिले शव, कारण अब तक साफ नहीं
सागर। जिले के रहली थाना क्षेत्र में एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटके मिले। चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों ने शादी के कपड़े पहन रखे थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
यह घटना चांदपुर गांव के मुठिया टोला की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को रहली स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय राजेंद्र उर्फ गोलू (पिता गणेश पटेल) और उनकी 21 वर्षीय पत्नी काजल पटेल के रूप में हुई है। बुधवार देर रात परिजनों ने दोनों को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिवार के अनुसार, राजेंद्र और काजल ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था और सामान्य रूप से साथ रह रहे थे। राजेंद्र की मां का पहले ही निधन हो चुका है। घर में उनके साथ पिता और छोटा भाई रहते हैं। बताया गया कि राजेंद्र मजदूरी करता था और उसके पास कुछ कृषि भूमि भी थी।
परिजनों का कहना है कि दंपति के बीच किसी प्रकार के विवाद या तनाव की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में दोनों द्वारा उठाया गया यह कदम सभी को हैरान कर रहा है।
थाना प्रभारी सुनील शर्मा के मुताबिक, दंपति का घर खेत में बना हुआ है, जिसमें वे अलग हिस्से में रहते थे, जबकि पिता और छोटा भाई दूसरे हिस्से में रहते हैं। बुधवार रात भोजन के बाद दोनों अपने कमरे में चले गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पिता ने जाकर देखा तो कमरे का दरवाजा अंदर से अटका हुआ था और अंदर दोनों फंदे पर लटके मिले।
पुलिस के अनुसार, काजल मूल रूप से सागर के छपरा गांव की रहने वाली थी। पोस्टमॉर्टम के दौरान रहली अस्पताल की डॉक्टर अनामिका विश्वास ने काजल के करीब डेढ़ महीने की गर्भवती होने की पुष्टि की है।
पुलिस का कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


