ज्योति भवन चर्च में पवित्र बृहस्पतिवार की प्रार्थना संपन्न, सादगी और सेवा का दिया संदेश
सागर। ज्योति भवन चर्च में पवित्र सप्ताह के अवसर पर ‘पवित्र बृहस्पतिवार’ (मोंडी थर्सडे) का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। फादर एलेक्स की अगुवाई में शाम 6:00 बजे विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।
सेवा और प्रेम का प्रतीक: चरण प्रक्षालन
कार्यक्रम के दौरान फादर एलेक्स ने प्रभु ईसा मसीह द्वारा अपने 12 शिष्यों के पैर धोकर दिए गए प्रेम और सेवा के संदेश को दोहराया। इस अवसर पर फादर पॉल पुंगथ, फादर रोजन और फादर अनसन ने प्रार्थना में सहयोग दिया, जबकि फादर नितीश ने प्रभु के वचनों का संदेश साझा किया। समारोह में लगभग 400 ईसाई धर्मावलंबियों ने शिरकत की।

मोंडी थर्सडे की परंपराएं
चर्च में आज के दिन से ही घंटियां बजाना बंद कर दिया गया है और सभी प्रतिमाओं को वस्त्रों से ढंक दिया गया है। रात्रि 12 बजे तक ईसा मसीह पर आने वाले संकटों की याद में विशेष भजन, प्रार्थनाएं और बाइबिल पाठ का क्रम जारी रहा। यह दिन ईसा मसीह के अंतिम भोज (Last Supper) की याद में मनाया जाता है, जो त्याग और आपसी सहयोग का प्रतीक है।
कल मनाया जाएगा गुड फ्राइडे
पवित्र बृहस्पतिवार की प्रार्थना के साथ ही दुखभोग के दिनों का स्मरण किया गया। कल यानी ‘गुड फ्राइडे’ को प्रभु ईसा मसीह के बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। कलवारी पहाड़ तक क्रूस उठाकर जाने, कोड़ों की मार और कांटों का मुकुट सहने वाले प्रभु के उन कष्टों को याद करते हुए विशेष शोक सभाएं आयोजित होंगी।
ईस्टर की तैयारी
शनिवार की रात 12:00 बजे से ‘ईस्टर’ (पुनरुत्थान पर्व) का आगाज़ होगा। जैसे ही प्रभु ईसा के जी उठने की घोषणा होगी, चर्च की घंटियां गूंज उठेंगी और ढंकी हुई प्रतिमाएं खोल दी जाएंगी। मसीही समाज ‘नया जीवन, नया प्रकाश’ के संकल्प के साथ रविवार को विजय गीत (ग्लोरिया) गाकर खुशियां मनाएगा।


