खरीदी शुरू न होने पर भड़के किसान, सागर-बीना रोड पर चक्काजाम से यातायात ठप
सागर। जिले में गेहूं खरीदी केंद्र समय पर चालू न होने से किसानों का आक्रोश गुरुवार को सड़कों पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में किसान सागर-बीना मुख्य मार्ग पर एकत्र हुए और चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह थम गया और लंबा जाम लग गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी में खरीदी की तैयारियां पूरी नहीं होने और अव्यवस्था के चलते हालात बिगड़ गए। पिछले दो दिनों से किसान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहे थे और खरीदी शुरू होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी।
प्रशासन द्वारा खरीदी शुरू होने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में किसान मंडी पहुंच गए, लेकिन मौके पर व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हुईं। इसी बीच हम्मालों की हड़ताल ने स्थिति को और गंभीर बना दिया, जिससे खरीदी की प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ गई। मंडी परिसर में किसानों की लंबी कतारें लग गईं और उनकी परेशानी बढ़ती चली गई।
नाराज किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल खरीदी शुरू करने की मांग रखी। किसानों का कहना है कि देरी के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और फसल खराब होने का भी खतरा बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। फिलहाल प्रशासन हालात को सामान्य करने और खरीदी प्रक्रिया शुरू कराने के प्रयास में जुटा हुआ है।


