वंदे मातरम विवाद पर सीएम मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा वार, बोले मुख्यमंत्री, देश में रहना है तो वंदे मातरम कहना ही होगा
भोपाल/आष्टा: इंदौर नगर निगम की बैठक में ‘वंदे मातरम’ को लेकर शुरू हुए विवाद ने अब सियासी रंग ले लिया है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर सीधा और कड़ा हमला बोला है। रविवार को आष्टा में आयोजित महिला सशक्तीकरण सम्मेलन के दौरान उन्होंने मंच से साफ शब्दों में कहा कि ‘वंदे मातरम’ का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही गीत है, जिसकी प्रेरणा से देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। ऐसे गीत के सम्मान से समझौता करना देश की भावना के खिलाफ है। उन्होंने तीखे अंदाज में कहा, “जो इस देश में रहकर इसका अन्न खाता है, उसे वंदे मातरम कहना ही होगा।”
कांग्रेस पर साधा निशाना
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति के चलते राष्ट्रीय स्वाभिमान को दरकिनार किया है। उनके अनुसार, पहले वंदे मातरम को लेकर विवाद खड़ा किया गया और बाद में देश की एकता को भी नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि आज स्थिति यह है कि कांग्रेस के नेता ‘भारत माता की जय’ बोलने से भी बचते नजर आ रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बयान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि “जिसकी इच्छा हो गाए और जिसकी न हो न गाए” जैसी बातें करना राष्ट्रीय भावना को ठेस पहुंचाने जैसा है। इसके उलट उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश एकजुट होकर वंदे मातरम गा रहा है।
लाडली बहना योजना की राशि जारी
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने लाडली बहना योजना की नई किस्त भी जारी की। उन्होंने एक क्लिक के माध्यम से 1 करोड़ 25 लाख महिलाओं के खातों में कुल 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। बताया गया कि इस योजना के तहत अब तक राज्य सरकार महिलाओं को करीब 55 हजार करोड़ रुपये की सहायता राशि दे चुकी है।
विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 184.92 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इनमें सांदीपनी विद्यालय, आंगनवाड़ी भवन, पार्वती नदी पर घाट, नेवज नदी के सुधार कार्य, एसडीएम कार्यालय और मेहतवाड़ा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
इसके अलावा सड़क निर्माण, स्कूल भवन, पुलिस आवास, थाना भवन और कोठारी नगर परिषद की पेयजल योजना के कार्यों की भी आधारशिला रखी गई। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में रोड शो भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल


