आकर्षक और प्रेरणास्पद चित्रकारी से चमकने लगीं शहर की दीवारें: निगमायुक्त ने किया चकराघाट पर पेंटिंग कार्यों का निरीक्षण
सागर। शहर की स्वच्छता और सुंदरता को नया आयाम देने के लिए सागर स्मार्ट सिटी द्वारा दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड, राजकुमार खत्री ने चकराघाट स्थित विट्ठल मंदिर के समीप चल रहे पेंटिंग कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दीवारों पर उकेरी गई दैवीय स्वरूप की कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि सुंदर चित्रों का मानव मस्तिष्क पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और इससे पूरे क्षेत्र में एक आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो रहा है।
निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि लाखा बंजारा झील आज सागर के धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। स्मार्ट सिटी द्वारा झील के कायाकल्प और वहां शुरू हुई गंगा आरती के कारण अब बाहरी यात्री भी यहां रुककर सागर की ऐतिहासिक विरासत का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत शहर के अन्य प्रमुख स्थलों और दीवारों पर भी इसी प्रकार की प्रेरक चित्रकारी कराई जाए ताकि शहर की दीवारें आकर्षक नजर आएं।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कलाकृतियों के साथ-साथ स्वच्छता संदेश भी अनिवार्य रूप से लिखे जाएं ताकि नागरिक सुंदरता के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति भी जागरूक हों। इसके साथ ही उन्होंने पेंटिंग्स की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि धूल-मिट्टी के कारण इनकी चमक फीकी न पड़े। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवश्यक स्थल को सुंदर और प्रेरणादायक चित्रों से सजाकर शहर को एक नई पहचान दी जाएगी।


