शादी से पहले बुरी खबर : बाइक हादसे में युवती की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

0

शादी से पहले बुरी खबर : बाइक हादसे में युवती की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

Ad 1

सागर। बांदरी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की जान चली गई। बाइक फिसलने से गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसके साथ मौजूद युवक को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार झंडापुर निवासी लक्ष्मी पिता नंदलाल दोपहर करीब 2:30 बजे सुमरेड़ी निवासी एक युवक के साथ बाइक से बांदरी की ओर जा रही थी। मूडरा के आगे अज्ञात कारणों से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में लक्ष्मी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि युवक को हल्की चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अनिल कुजूर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवती को तत्काल जरूआखेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जहां लक्ष्मी की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि युवती की शादी 21 अप्रैल को होने वाली थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।

मृतका के परिजनों ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लक्ष्मी को परेशान करता था और संभवतः ब्लैकमेल कर उसे मिलने बुलाया होगा। उन्होंने आशंका जताई कि युवक उसे भगाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। परिजनों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार जरूआखेड़ा-बांदरी मार्ग पर मूडरा के पास बाइक दुर्घटना की सूचना मिली थी। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here