सागर जिले की समस्त स्कूलों में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव,नए शैक्षणिक सत्र का भव्य शुभारंभ
सागर। सागर जिले में 1 अप्रैल 2026 को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का भव्य प्रवेश उत्सव के साथ शुभारंभ हुआ। जिले के सभी विद्यालयों में स्कूल चलें हम अभियान के तहत प्रवेश उत्सव मनाया गया। कलेक्टर श्री संदीप जीआर के निर्देशानुसार सभी स्कूलों में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और अधिकारियों की उपस्थिति में भव्य प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों को नामांकन, उपस्थिति, छात्रवृत्ति, गणवेश, साइकिल और निशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण की जानकारी दी गई। सत्र शुरू होते ही विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी आरंभ किया गया।
नवीन शिक्षण सत्र वर्ष 2026-27 एक अप्रैल से शुरू होगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इसे स्कूल चलें हम अभियान के रूप में मनाया जाएगा। यह 4 अप्रैल तक चलेगा। अभियान में प्रदेश में 1 से 4 अप्रैल तक प्रतिदिन शालाओं में कार्यक्रम होंगे । इस दौरान जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।
नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर आयोजित प्रवेश उत्सव के अवसर पर नए विद्यार्थियों का तिलक, फूलमाला पहनाकर और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत कर विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार 31 मार्च तक कक्षा 1 से 8 तक सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया गया है। शिक्षा पोर्टल 3.0 पर प्रक्रिया पूरी कर कक्षा 2 से 8 और 9 से 11 तक विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज किया गया।
कक्षा 1 से 8 तक सभी शालाओं में एक अप्रैल को बालसभा का आयोजन किया गया। इस दिन शालाओं में विशेष भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
भविष्य से भेंट कार्यक्रम
“स्कूल चलें हम” अभियान के दूसरे दिन शालाओं में “भविष्य से भेंट कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध, प्रबुद्ध और सम्मानित व्यक्तियों को एक प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से भेंट के लिये आमंत्रित किया जायेगा। इसी दिन स्थानीय स्तर पर विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी, साहित्यकार, कलाकार, मीडिया, संचार मित्रों, पुलिस अधिकारी, राज्य शासन के अधिकारी को विशेष रूप से आमंत्रित किया जायेगा। आमंत्रित अतिथि उपस्थित बच्चों को पढ़ाई के महत्व और प्रेरणादायी कहानियां सुनाएंगे। इस दौरान सामाजिक संस्था एवं आमंत्रित व्यक्ति स्वेच्छा से विद्यार्थियों को शाला उपयोगी वस्तुएं भेंट कर सकेंगे।
सांस्कृतिक एवं खेल-कूद गतिविधियाँ
“स्कूल चलें हम” अभियान के अंतर्गत शाला स्तर पर पालकों के साथ सांस्कृतिक एवं खेल-कूद की गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। इसका उद्देश्य पालकों का विद्यालय से जोड़ना है। इसी दिन शाला में उपस्थित पालकों को शैक्षणिक स्टॉफ द्वारा राज्य सरकार की स्कूल शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। पिछले शैक्षणिक सत्र में जिन विद्यार्थियों की 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति रही है, उनके पालकों को सभा में सम्मानित किया जायेगा।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देश पर आज जिले की सभी शालाओं में उत्सव मनाया गया इसमें शासकीय हाई स्कूल मेंनपानी की प्राचार्य श्रीमती अंजू श्रीवास्तव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बमोरी बीका की प्राचार्य श्रीमती सविता मिश्रा श्री मयंक नेमा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिलगन के प्राचार्य श्री शरद मिश्रा एवं श्री राम मिलन मिश्रा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरनगर के प्राचार्य श्री संजय श्रीवास्तव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बगराज तिली की प्राचार्य श्रीमती संध्या गौतम शासकीय हाई स्कूल मकरोनिया के प्राचार्य श्री विद्या उपाध्याय ने अपने-अपने विद्यालयों में प्रवेश उत्सव मनाया। विद्यालय में आए सभी विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ पुस्तकों का वितरण किया एवं अभिभावकों के साथ पालक शिक्षक संघ की बैठक लेकर आवश्यक जानकारी प्रदान की।
हार के आगे जीत
“स्कूल चलें हम” अभियान के अंतर्गत 4 अप्रैल को ऐसे छात्रों को चिन्हित किया जायेगा, जो किन्हीं वजहों से कक्षोन्नति प्राप्त करने में असफल हो गये हैं। पालकों को इन बच्चों की आगे की पढ़ाई के लिये समझाइश दी जायेगी। उन्हें बताया जायेगा कि असफल होने के बाद भी लगातार प्रयास से अच्छा भविष्य तैयार किया जा सकता है। इसी दिन शाला प्रबंधन और विकास समिति की बैठक भी होगी। बैठक में नये शैक्षणिक सत्र में ऐसे बच्चों पर विशेष रूप से चर्चा की जायेगी, जिनका शालाओं में नामांकन नहीं हो पाया है। समिति के सदस्य अपने विद्यालयों में शत-प्रतिशत बच्चों के नामांकन की कोशिश करेंगे और वार्षिक कार्य-योजना बनाकर उसके क्रियान्वयन पर चर्चा करेंगे।


