सागर में डरा-धमकाकर महिला से सात माह तक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

सागर में डरा-धमकाकर महिला से सात माह तक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने महिला को डरा-धमकाकर पिछले सात महीनों से अपनी हवस का शिकार बनाया। आखिर में हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने आपबीती अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बाथरूम में घुसकर की पहली बार दरिंदगी
पुलिस को दिए बयानों के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता की जान-पहचान आरोपी जित्तू कोष्ठी से थी, जिसका उसके घर आना-जाना था। घटना की शुरुआत 22 अगस्त 2025 को हुई, जब महिला घर में अकेली थी। पीड़िता जब नहा रही थी, तभी आरोपी जबरन बाथरूम में घुस आया और उसके साथ गलत काम किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

धमकी देकर करता रहा शोषण

पहली घटना के बाद आरोपी के हौसले बुलंद हो गए। वह महिला को डराने लगा कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसे खत्म कर देगा। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी अक्सर महिला के घर पहुँच जाता और अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म करता। यह सिलसिला फरवरी 2026 तक चलता रहा।
मां को बताई आपबीती, तब खुला राज
लगातार हो रहे शोषण से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार अपनी मां को सारी बात बताई। मां ने तुरंत दामाद (पीड़िता के पति) को सूचित किया। सोमवार को पति के साथ थाने पहुँची महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जित्तू कोष्ठी के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी गौरव गुप्ता ने बताया कि : “पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here