बस में महिला से छेड़छाड़ का आरोप: असिस्टेंट प्रोफेसर पर केस दर्ज, वीडियो बना अहम सबूत

0

बस में महिला से छेड़छाड़ का आरोप: असिस्टेंट प्रोफेसर पर केस दर्ज, वीडियो बना अहम सबूत

मैहर जिले में चलती बस के भीतर महिला यात्री से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सतना से रामनगर जा रही बस में हुई इस घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए आरोपी की हरकतों का वीडियो बना लिया और अमरपाटन पहुंचते ही थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान अमरपाटन पीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा के रूप में हुई है।
पुलिस जानकारी के अनुसार, महिला सतना से बस में सवार हुई थी। यात्रा के दौरान भटनवारा के पास एक सीट खाली हुई, जिस पर आकर आरोपी बैठ गया। शुरुआत में उसने बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हरकतें अशोभनीय हो गईं। महिला ने स्थिति को समझते हुए मोबाइल से रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।
बस जैसे ही अमरपाटन पहुंची, पीड़िता सीधे थाने गई और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को वीडियो भी सौंपा, जिसे साक्ष्य के रूप में लिया गया है।
थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने सफर के दौरान खुद को आलोक सिन्हा बताते हुए अमरपाटन पीजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर होने की जानकारी दी थी। जब वह कॉलेज के पास उतरा, तो महिला ने बस में मौजूद छात्रों से उसकी पहचान की पुष्टि की। छात्रों ने मोबाइल में उसकी तस्वीर दिखाकर पहचान पक्की की, जिसके बाद नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से दिल्ली का निवासी है और वर्ष 2015 से अमरपाटन कॉलेज में पदस्थ है। उसकी पत्नी दिल्ली में रहती है, जबकि बेटी शादी के बाद कनाडा में इंजीनियर के रूप में रह रही है। वह मैहर में अकेले रहता है।
इस घटना के बाद कॉलेज के छात्रों में भी आक्रोश है। मंगलवार दोपहर छात्र-छात्राएं आरोपी के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि आरोपी को निलंबित किया जाए। बताया जा रहा है कि कुछ छात्राओं ने 16 मार्च को भी उसके खिलाफ बदसलूकी के आरोप लगाए थे।
वहीं, यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह के साथ मारपीट के मामले में भी विवादों में रह चुका है। इस संबंध में अमरपाटन थाने में पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है और इसकी जानकारी उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त को भेजी गई थी।
एक सप्ताह पहले ही कॉलेज में इसी प्रोफेसर को लेकर विवाद हुआ था, जहां छात्राओं ने उन पर अनुचित व्यवहार और सेशनल कॉपियां जमा न करने के आरोप लगाए थे। उस दौरान मामला इतना बढ़ गया था कि कॉलेज परिसर में बहस और झड़प की स्थिति बन गई थी, जिसे प्राचार्य के हस्तक्षेप के बाद शांत कराया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here