सागर में अलग अलग स्थानों पर दो सड़क हादसे, 5 युवकों की दर्दनाक मौत
बंडा रोड पर डंपर की टक्कर से 3 की मौके पर मौत, खेल परिसर के पास ट्रक हादसे में 2 ने तोड़ा दम; एक ड्राइवर हिरासत में, दूसरा फरार
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में बुधवार रात अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों ने पांच युवकों की जान ले ली। दोनों दुर्घटनाएं करीब चार घंटे के अंतराल में हुईं, जिससे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना बंडा रोड पर ग्राम सौरई स्थित फैक्ट्री के पास हाईवे पर हुई। यहां तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात डंपर ने बाइक (MP 15 ZP 0832) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रदीप वाल्मिकी और थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को एंबुलेंस से बंडा अस्पताल भेजा। घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान प्रयांशु रैकवार, हर्ष रैकवार और तुलसीराम राय निवासी पठार मोहल्ला, बंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर फरार डंपर और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी दुर्घटना बुधवार रात करीब 12 बजे खेल परिसर के सामने हुई। पीलीकोठी घाटी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इनमें से एक युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दूसरा युवक ट्रक के नीचे फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत ट्रक को रुकवाया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी ललित कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


