सागर में दर्दनाक सड़क हादसा : ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, दो स्कूली बच्चों की मौत
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो स्कूली बच्चों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना ग्राम पिपरगौर-खिरिया रोड पर उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंस गई।
घटना की सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों मृत बच्चों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है।
परीक्षा देकर घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरगौर निवासी अभिजीत पिता राजेंद्र सिंह (15), विश्वजीत पिता राजेंद्र सिंह (11) और शिवाय पिता सोहन (10) रहली के पटना बुजुर्ग स्थित क्राइस्ट कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ाई करते थे। इन दिनों स्कूल में वार्षिक परीक्षाएं चल रही थीं।
शुक्रवार को पिपरगौर के सरपंच राजेंद्र पिता राजकुमार सिंह (47) अपने दोनों बेटों अभिजीत और विश्वजीत तथा भतीजे शिवाय को परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से स्कूल लेकर गए थे। पेपर खत्म होने के बाद चारों एक ही बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब वे पिपरगौर के पास पहुंचे, तभी सामने से ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। इसी दौरान दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बाइक ट्रैक्टर के नीचे जा फंसी और सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो बच्चों की मौके पर मौत
हादसे में गंभीर चोट लगने से विश्वजीत और शिवाय की मौत हो गई। वहीं सरपंच राजेंद्र सिंह और उनका बड़ा बेटा अभिजीत बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत रहली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शिवाय था परिवार का इकलौता बेटा
दुर्घटना में जान गंवाने वाला छात्र शिवाय अपने परिवार का एकमात्र बेटा था। उसके पिता का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका है। बेटे की मौत से परिवार में गहरा शोक छा गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
घायल अभिजीत कक्षा 9वीं का छात्र है, जबकि मृत विश्वजीत कक्षा 7वीं और शिवाय कक्षा 4वीं में पढ़ाई कर रहा था।
चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


