सागर में ज्ञान सागर प्ले स्कूल में किताबें 32 सौ पार, एक ही स्टेशनरी से लेने किया जा रहा बाध्य

सागर: प्ले स्कूल या ‘पीएचडी’ स्कूल? नर्सरी की किताबों का खर्च देख उड़े अभिभावकों के होश
नर्सरी क्लास का बिल 3200 के पार; एक ही दुकान से किट खरीदने का बनाया जा रहा दबाव

सागर। शिक्षा के नाम पर निजी स्कूलों की मनमानी और अभिभावकों की जेब पर डाका डालने का खेल शहर में बदस्तूर जारी है। ताज़ा मामला सागर के संजय ड्राइव स्थित ‘ज्ञान सागर प्ले स्कूल’ का सामने आया है, जहाँ नर्सरी कक्षा के एक नन्हे बच्चे की किताबों और कॉपियों का बोझ उसके बस्ते से कहीं ज्यादा उसके माता-पिता की जेब पर भारी पड़ रहा है।
नर्सरी की पढ़ाई और ‘हजारों’ का खर्च
हैरानी की बात यह है कि जिस उम्र में बच्चे ठीक से बोलना सीख रहे होते हैं, उनकी किताबों का बिल किसी प्रोफेशनल डिग्री कोर्स की याद दिला रहा है। प्राप्त जानकारी और वायरल हो रहे बिल के अनुसार, नर्सरी क्लास की किताबों की कीमत ही 2577 रुपये तक पहुँच गई है। इसमें कॉपियां और अन्य स्टेशनरी किट मिला दी जाए, तो कुल आंकड़ा 3222 रुपये को पार कर रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि यह “प्ले स्कूल” कम और “पीएचडी स्कूल” ज्यादा लग रहा है। इतनी छोटी कक्षा के लिए इतनी महंगी किताबों का क्या औचित्य है, यह समझ से परे है।
कमीशनखोरी का खेल: ‘एक ही स्टेशनरी’ की बाध्यता
शिक्षा विभाग और प्रशासन के सख्त निर्देशों के बावजूद, स्कूल प्रबंधन द्वारा अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे स्कूल द्वारा निर्धारित एक विशिष्ट स्टेशनरी दुकान से ही पूरा सेट खरीदें। अक्सर ऐसे मामलों में स्कूल और बुक स्टोर संचालकों के बीच भारी कमीशन का खेल होता है, जिसकी कीमत आम आदमी को चुकानी पड़ती है।
बढ़ता आक्रोश: क्या सो रहा है प्रशासन?
सागर में लगातार बढ़ती इस स्कूल माफियागिरी को लेकर शहरवासियों में भारी रोष है। लोगों का सवाल है कि:
* क्या जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इन मनमानी कीमतों पर अंकुश लगाएगा?
* क्यों अभिभावकों को एक ही दुकान से सामान लेने पर मजबूर किया जा रहा है?

* क्या नर्सरी जैसे शुरुआती स्तर पर इतनी महंगी

किताबों की आवश्यकता वास्तव में है ?
अब देखना यह होगा कि इस मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, या फिर ‘ज्ञान सागर’ जैसे स्कूल इसी तरह अभिभावकों की गाढ़ी कमाई पर ‘असर’ डालते रहेंगे।

इनका कहना हैं

इस तरह की अनियमितताएं सामने आ रही है तो जांच की जाएगी, प्ले नर्सरी में 3200 की बुक्स और एक ही स्टेशनरी से लेना यह भी जांच के दायरे में है, जांच में खामियां पाए जाने पर स्कूल पर कार्यवाही की जाएगी- अरविंदर जैन जिला शिक्षा अधिकारी सागर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here