जंगल में मिला 35 वर्षीय युवक का शव, पास में पड़ी थीं कुल्हाड़ी-गेंती
सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम खतौला के जंगल में एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक सुबह घर से पेड़ की जड़ निकालने के लिए जंगल गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश की तो उसका शव जंगल में एक छेवला के पेड़ के पास पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान वृंदावन गौंड़ (35) पुत्र रम्मू गौंड़ के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था। उसने परिवार वालों को बताया था कि वह खतौला के जंगल में जाकर छेवला के पेड़ की जड़ खोदने का काम करेगा। शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल की ओर उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान परिजन उस स्थान पर पहुंचे जहां छेवला का पेड़ था। वहीं पास में वृंदावन जमीन पर पड़ा मिला। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को वहां से एक कुल्हाड़ी और गेंती भी मिली। जिस स्थान पर शव पड़ा था, उसके आसपास की मिट्टी खुदी हुई पाई गई, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक वहां जड़ निकालने का काम कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने भी बताया कि वृंदावन लंबे समय से बीमार चल रहा था। उसकी तबीयत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे ज्यादा मेहनत या भारी काम करने से मना किया था।
घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि काम करते समय युवक को दिल का दौरा पड़ा हो सकता है, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो


