कटर से छात्रा पर हमला करने वाले आरोपी की संदिग्ध मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
सागर। शहर में 12वीं की छात्रा पर कटर से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। घटना मकरोनिया थाना क्षेत्र के रजाखेड़ी के पास रेलवे लाइन की है, जहां आरोपी नीलेश पटेल का शव संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नीलेश पटेल वही युवक है जिसने कुछ दिन पहले मकरोनिया क्षेत्र में पेपर देकर लौट रही 12वीं की छात्रा पर रेडियम कटर से हमला कर दिया था। इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसके शरीर पर 100 से ज्यादा टांके आए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस की कई टीमें आरोपी की लगातार तलाश कर रही थीं। इसी बीच रविवार सुबह मकरोनिया थाना क्षेत्र के रजाखेड़ी के पास रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान नीलेश पटेल के रूप में की।
मृतक के परिजनों का कहना है कि नीलेश और छात्रा के बीच करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग था, लेकिन हाल ही में लड़की की शादी कहीं और तय हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर उसने छात्रा पर हमला किया था।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।


