सागर पुलिस की संवेदनशीलता: ट्रेन से बिछड़ी बच्ची सुरक्षित मिली, डायल-112 बना सहारा

0

सागर पुलिस की संवेदनशीलता: ट्रेन से बिछड़ी बच्ची सुरक्षित मिली, डायल-112 बना सहारा

सागर जिले में पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में संचालित डायल-112 सेवा द्वारा एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
दिनांक …26/03/26…… को राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल से सागर कंट्रोल रूम को इवेंट नंबर 26032601146 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक छोटी बच्ची सागर रेलवे स्टेशन पर अकेली उतर गई है, जबकि उसके परिजन ट्रेन में सोए होने के कारण आगे निकल गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सागर में पदस्थ उप निरीक्षक आरकेएस चौहान द्वारा मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल एफआरबी 05 गोपालगंज को समझाइश देकर स्टेशन के लिए रवाना किया गया।

एफआरबी टीम ने मौके पर पहुंचकर जीआरपी सागर के सहयोग से त्वरित सर्चिंग अभियान चलाया और कुछ ही समय में मासूम बच्ची को सकुशल ढूंढ लिया। इसके बाद बच्ची को सुरक्षा के साथ पुलिस कंट्रोल रूम सागर लाया गया, जहां से परिजनों से फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित कर उन्हें तत्काल बुलाया गया।
पूछताछ में परिजनों द्वारा बताया गया कि वे मैहर क्षेत्र के समीपस्थ गांव से खुरई में खेतों की कटाई का कार्य करने आए थे और वापसी के दौरान ट्रेन में सभी को नींद लग गई। सागर स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान बच्ची को लगा कि सभी उतर गए हैं, जिस कारण वह अपना छोटा बैग लेकर प्लेटफॉर्म पर उतर गई। आगे जाकर जब परिजनों को बच्ची के साथ न होने का अहसास हुआ तो वे घबरा गए। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद एक जागरूक महिला द्वारा डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को अवगत कराया गया।
सागर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बच्ची को सुरक्षित बरामद कर कुछ ही समय में परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू थे और उन्होंने सागर पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस कंट्रोल रूम सागर से उप निरीक्षक आरकेएस चौहान एवं उनकी टीम, तथा एफआरबी गोपालगंज से प्रधान आरक्षक कमलेश मिश्रा एवं पायलट विक्रांत सिंह की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
जोर जोर से रोती हुई मासूम बच्ची को सकुशल और मुस्कुराते हुए देखकर पुलिस कर्मियों को भी अत्यंत संतोष एवं खुशी का अनुभव हुआ। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि सागर पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ आमजन की सेवा में भी सदैव तत्पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here