धूप से राहत की तैयारी: नगर निगम और पंचायतों को कलेक्टर के निर्देश- सार्वजनिक स्थानों में लगाएं पियाऊ

धूप से राहत की तैयारी: नगर निगम और पंचायतों को कलेक्टर के निर्देश—सार्वजनिक स्थानों में लगाएं पियाऊ
मानव सेवा के लिए आगे आएं सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं भी
सागर। गर्मी की दस्तक के साथ ही आमजन को राहत पहुंचाने के लिए कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम और सभी ग्राम पंचायतों को सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ (निशुल्क पेयजल केंद्र) स्थापित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों, अस्पतालों सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ठंडे और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम के अधिकारियों को शहर के मुख्य चौराहों पर प्याऊ की व्यवस्था करने और उनके नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार, ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद सीईओ और सरपंचों को निर्देश दिए गए हैं कि पंचायतों के माध्यम से प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जल सेवा शुरू की जाए ताकि राहगीरों को धूप में भटकना न पड़े।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों के साथ-साथ कलेक्टर संदीप जी.आर. ने जिले के सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और दानदाताओं से भी आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सामाजिक संगठन अपने स्तर पर व्यस्ततम क्षेत्रों में मटकों या वाटर कूलर के माध्यम से प्याऊ संचालित करें, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि पेयजल की शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, जिन स्थानों पर प्याऊ लगाए जा रहे हैं, वहां जल का अपव्यय न हो, इसका भी प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी नागरिक या राहगीर इस गर्मी में प्यासा न रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here