मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित हटा भ्रमण की तैयारियों का कमिश्नर अनिल सुचारी और आईजी हिमानी खन्ना ने लिया जायजा
प्रस्तावित 11 मार्च को महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव
हेलीपैड से सभा स्थल तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सागर : राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन कार्यक्रम के तहत 11 मार्च को दमोह जिले के हटा नगर में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भ्रमण प्रस्तावित है। इसी के मद्देनजर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी एवं आईजी पुलिस हिमानी खन्ना हटा पहुंची। इस अवसर पर विधायक उमादेवी खटीक, जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, गोपाल पटैल, लालचंद खटीक, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, एडीशनल एसपी सुजीत कुमार भदौरिया, एडीएम राकेश मरकाम सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद थे।
कमिश्नर श्री सुचारी ने आईजी श्रीमती हिमानी खन्ना के साथ मॉडल स्कूल के पास बनाये गये हैलीपेड का जायजा लिया और जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने गौरीशंकर मंदिर के प्रांगण का जायजा लिया और व्यवस्था देखी और समुचित दिशा निर्देश दिये गये । तदोपरांत कमिश्नर श्री सुचारी ने कार्यक्रम स्थल दद्दा जी मंच, पंडाल व्यवस्था, पार्किग, बैठक व्यवस्था के साथ पेयजल के साथ अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश
विधायक उमादेवी खटीक ने कहा यह हर्ष की बात है कि 11 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ यादव का आगमन हटा नगर में प्रस्तावित है, मुख्यमंत्री क्षेत्र की विभिन्न उपलब्धियों और स्वीकृत विकास कार्यो का भूमि पूजन करेंगे। साथ ही महिला सम्मेलन में भी अपनी सहभागिता निभायेंगे।
इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया अधिकारियों द्वारा हेलीपैड की व्यवस्थाओं के साथ ही हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक के मार्ग तथा सभा स्थल पर चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, जिनका पूरी तरह से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होने कहा सभी तैयारियां 10 मार्च की रात तक पूरी करने के निर्देश दिए गए ।
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि मुख्यमंत्री का औपचारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे सागर जिले से प्रस्थान कर अपरान्ह लगभग 3 बजे हटा पहुंचेंगे और शाम 4:30 बजे यहां से प्रस्थान करेंगे।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कमिश्नर अनिल सुचारी और आईजी हिमानी खन्ना द्वारा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए हैं। तदानुसार हेलीपैड, मार्ग व्यवस्था, मंदिर प्रांगण एवं आमसभा स्थल से संबंधित व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने कहा बैठक के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर सार्थक चर्चा हुई और दिए गए निर्देशों को तत्काल अमल में लाया जाएगा।


