कलेक्ट्रेट में 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई

0

कलेक्ट्रेट में 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई

छतरपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सागर लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में एक पटवारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी राहुल अग्रवाल पर मुआवजा दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, किशनगढ़ क्षेत्र के नेगुवां गांव की निवासी 43 वर्षीय शगुंती बाई सौर केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित हैं। उन्हें विस्थापन के तहत करीब 12.50 लाख रुपए का मुआवजा मिलना था। आरोप है कि इस राशि को जारी कराने के बदले पटवारी राहुल अग्रवाल ने 1.50 लाख रुपए की मांग की थी।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उस पर दबाव बना रहा था और पैसे नहीं देने पर मुआवजा रुकवाने की धमकी दे रहा था। भय के कारण महिला ने पहले ही 40 हजार रुपए दे दिए थे, लेकिन इसके बाद भी मांग खत्म नहीं हुई। परेशान होकर उसने सागर लोकायुक्त से शिकायत दर्ज कराई।
जाल बिछाकर पकड़ा गया आरोपी
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर कलेक्ट्रेट परिसर में ट्रैप लगाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने 50 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक रोशनी जैन ने किया। टीम में प्रधान आरक्षक शफीक खान, यशवंत सिंह तथा आरक्षक अरविंद नायक, राघवेंद्र सिंह, आदेश तिवारी और गोल्डी पासी शामिल रहे।
आरोपी ने खुद को बताया निर्दोष
गिरफ्तारी के बाद पटवारी राहुल अग्रवाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए कहा कि उसे फंसाया गया है और उसने कोई रिश्वत नहीं ली है। उसने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए कलेक्ट्रेट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने की मांग की है।
वहीं लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि आरोपी द्वारा महिला पर लगातार पैसे देने का दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ही कार्रवाई की गई। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here