टाइगर रिजर्व के जंगल में युवक की रहस्यमयी मौत, सागर के युवक के शव मिलने से सनसनी

0

 

सागर: सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र स्थित वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के जंगल में एक 30 वर्षीय युवक का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की शिनाख्त सागर निवासी विकास राजपूत के रूप में हुई है। घटनास्थल पर युवक की बाइक मिली है, लेकिन उसकी चाबी गायब है। परिजनों ने इसे षड्यंत्र बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है।

जंगल में मिला शव

जानकारी के अनुसार, रहली-जबलपुर मार्ग पर टाइगर रिजर्व के अंदर विस्थापित ग्राम मुहली के पास जंगल में युवक का शव पड़ा था। गश्त कर रहे वनकर्मियों ने जब शव देखा तो तत्काल रहली पुलिस को सूचना दी। रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां खड़ी बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान विकास (30) पिता मनोहर सिंह राजपूत, निवासी बाईसा मोहल्ला (सागर) के रूप में हुई। गुरुवार सुबह डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम नेवारदातस्थल की बारीकी से जांच कर सबूत इकट्ठे किए।
मृतक के भाई अविनाश सिंह ने पुलिस को बताया कि विकास बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे घर से निकला था। जब वह देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसे फोन लगाया, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था। इसी बीच पुलिस से उन्हें घटना की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार के लोग सागर से रहली पहुंचे। गुरुवार दोपहर पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिवार वालों को सौंप दिया।

अविनाश ने पुलिस के सामने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई की षड्यंत्र के तहत हत्या की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि विकास सागर से करीब 60 किलोमीटर दूर इस घने जंगल में कैसे पहुंच गया? उनका कहना है कि विकास की किसी से कोई बुराई नहीं थी और वह शराब भी नहीं पीता था। घटनास्थल पर उसकी बाइक खड़ी मिली है, लेकिन चाबी गायब है, जबकि मौके पर उसकी चप्पल और इयरफोन पड़े मिले हैं। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here