रानगिर देवी धाम में रहस्यमयी धमाका: स्पीकर जैसे बक्से में विस्फोट, 11 साल की बच्ची गंभीर

0

रानगिर देवी धाम में रहस्यमयी धमाका: स्पीकर जैसे बक्से में विस्फोट, 11 साल की बच्ची गंभीर

सागर के रानगिर देवी धाम क्षेत्र स्थित बूढ़ी रानगिर माता मंदिर परिसर में मंगलवार रात एक संदिग्ध बक्से में हुए धमाके से हड़कंप मच गया। इस घटना में 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके माता-पिता को भी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, घायल राधेश्याम रैकवार मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकान लगाते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दिन में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दुकान के पास स्पीकर जैसे दिखने वाला एक बक्सा छोड़ दिया गया था। पूरे दिन वह वहीं रखा रहा। आसपास के लोगों ने उसे किसी श्रद्धालु का सामान समझकर नजरअंदाज कर दिया, यह सोचकर कि मालिक वापस आकर ले जाएगा।
शाम तक जब कोई उस बक्से को लेने नहीं आया, तो दुकान बंद करते समय राधेश्याम ने उसे उठाकर एक ओर रख दिया। इसके बाद वे अपनी पत्नी आशोकरानी और बेटी संजना के साथ खाना खाने लगे। परिवार खाना खाकर आराम कर ही रहा था कि इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ।
राधेश्याम के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबरा गए। उनकी बेटी संजना को गंभीर चोटें आई हैं। उसके शरीर के कई हिस्सों—हाथ, पैर, सीना और सिर—पर गहरे घाव हैं। वहीं राधेश्याम और उनकी पत्नी भी इस हादसे में घायल हुए हैं।
बुधवार को घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। देर शाम पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिंहा, बम निरोधक दस्ता (BDS) के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिंहा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि विस्फोट स्पीकर या किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से जुड़े कनेक्शन के दौरान हुआ हो सकता है। हालांकि, अब तक विस्फोट के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
उन्होंने कहा कि एफएसएल और बीडीएस की टीमें मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here