टाइगर रिजर्व के जंगल में युवक की हत्या का खुलासा: नौकरी लगते ही बदला रिश्ता, प्रेमिका ने कराई हत्या

0

टाइगर रिजर्व के जंगल में युवक की हत्या का खुलासा: नौकरी लगते ही बदला रिश्ता, प्रेमिका ने कराई हत्या

सागर के रहली थाना क्षेत्र में वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के विस्थापित ग्राम मुहली के जंगल में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने युवती समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक पूछताछ में हत्या का कारण प्रेम प्रसंग सामने आया है। वारदात के समय मृतक बाइक से दमोह अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा था। पुलिस आरोपियों से वारदात में उपयोग किए गए धारदार हथियारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, टाइगर रिजर्व के बीचोंबीच से निकले रहली-जबलपुर मार्ग पर ग्राम मुहली के पास जंगल में बुधवार रात युवक का शव पड़ा था। वनकर्मी गश्त करने पहुंचे तो उन्होंने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वारदात स्थल पर बाइक खड़ी मिली। बाइक के नंबर से मृतक की पहचान हुई। मृतक की पहचान विकास पिता मनोहर सिंह राजपूत, उम्र 30 साल, निवासी बाईसा मोहल्ला सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और मामला दर्ज कर जांच में लिया।

नौकरी लगने के बाद दूसरे युवक से शुरू हुआ अफेयर पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक युवती का नाम सामने आया, जिससे मृतक की बात होती थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने युवती को हिरासत में लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि मृतक और उक्त युवती के बीच करीब 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अगरबत्ती बनाते थे। लेकिन कुछ समय पहले युवती की नौकरी पोस्ट ऑफिस में लग गई। नौकरी के बाद युवती दमोह में पदस्थ हुई और वहीं रहने लगी। इसी बीच युवती का अफेयर दूसरे युवक से शुरू हो गया। वह मृतक विकास से पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन विकास उससे शादी करना चाहता था। परेशान होकर युवती ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर विकास को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। 

वारदात के दिन मृतक विकास सिंह राजपूत ने युवती से फोन पर बात की और दमोह आने को कहा। इसके बाद वह बाइक से दमोह के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान युवती ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर विकास को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की। युवती का प्रेमी अपने दोस्त के साथ टाइगर रिजर्व के जंगल में पहुंचा। मुहली के पास दोनों ने विकास को रोका और मारपीट की। मारपीट कर उसे जंगल में ले गए और चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद दोनों फरार हो गए थे।

तीन आरोपी अभिरक्षा में लिए गए

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि हत्या के मामले में महिला समेत तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया है। महिला ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में अजय यादव, उम्र 28 साल और लल्लू धानक, उम्र 42 साल, दोनों निवासी जैसीनगर, समेत युवती को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here