सागर में मां-बेटी की कुएं में मिली लाश, आत्महत्या की आशंका; पति पर प्रताड़ना के आरोप
सागर। जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हिन्नोद में एक महिला और उसकी मासूम बेटी की मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव खेत में बने कुएं से बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाए। इसके बाद बुधवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नाहरमऊ गांव की रहने वाली 29 वर्षीय सीमा पाल, पत्नी भागीरथ पाल, अपनी पांच साल की बेटी प्रियांशी के साथ पिछले करीब चार महीनों से मायके ग्राम हिन्नोद में रह रही थी। मंगलवार को वह अपनी बेटी को साथ लेकर खेत की ओर गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। जब काफी देर तक दोनों का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान परिवार के लोगों को खेत में बने एक कुएं में दोनों के शव दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव बाहर निकलवाए और जांच शुरू की।
मृतका के भाई संजू पाल का कहना है कि सीमा की शादी वर्ष 2017 में नाहरमऊ निवासी भागीरथ पाल से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अक्सर सीमा के साथ झगड़ा करता था और कई बार मारपीट भी करता था। इस संबंध में महिला थाने में शिकायत भी की गई थी। परिजनों का कहना है कि लगातार हो रही प्रताड़ना के कारण सीमा मानसिक रूप से परेशान रहती थी और इसी वजह से वह पिछले कुछ महीनों से मायके में रह रही थी।
वहीं दूसरी ओर पति भागीरथ पाल ने ससुराल पक्ष के लगाए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उसका कहना है कि सीमा के पिता कैंसर से पीड़ित हैं और उनकी तबीयत ठीक नहीं रहती, इसलिए वह उनकी देखभाल करने के लिए मायके गई थी। भागीरथ के अनुसार दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रहती थी और उसे यह समझ नहीं आ रहा कि सीमा ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


