सागर के रानगिर धाम परिसर में लावारिस स्पीकर में जोरदार धमाका, 11 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल
सागर | सिद्ध क्षेत्र रानगिर देवी धाम के पास स्थित बूढ़ी रानगिर माता मंदिर परिसर मंगलवार रात एक भीषण विस्फोट से दहल उठा। एक लावारिस रखे स्पीकर नुमा डिब्बे में हुए अचानक ब्लास्ट की चपेट में आने से 11 साल की बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई है, जबकि उसके माता-पिता को भी चोटें आई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

दुकान के पास रखा था स्पीकर बॉक्स लावारिस
पीड़ित दुकानदार राधेश्याम रैकवार ने बताया कि वह मंदिर परिसर में ही प्रसाद की दुकान लगाते हैं। मंगलवार को कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान के पास एक छोटा बॉक्स (स्पीकर जैसा दिखने वाला डिब्बा) छोड़ गया था। दिनभर दुकान पर काम के दौरान उन्होंने इसे किसी श्रद्धालु का सामान समझकर नहीं छेड़ा। देर शाम जब कोई उसे लेने नहीं आया, तो राधेश्याम ने उसे उठाकर बाजू में रख दिया।
खाना खाते वक्त हुआ हादसा
खौफनाक मंजर तब शुरू हुआ जब राधेश्याम अपनी पत्नी आशोकरानी और बेटी संजना के साथ खाना खा रहे थे। भोजन के बाद जैसे ही संजना ने मोबाइल चलाना शुरू किया, पास ही रखे उस संदिग्ध बॉक्स में जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि संजना के हाथ, पैर, सीना और सिर में गंभीर चोटें आईं। धमाके की गूंज से पूरा इलाका सहम गया।
जांच में जुटी पुलिस और BDS की टीम
बुधवार को मामला संज्ञान में आते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। देर शाम स्वयं एसपी विकास शाहवाल और एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा भारी पुलिस बल और बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वाड) की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। विशेषज्ञों की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा के मुताबिक
“फिलहाल एफएसएल और बीडीएस की टीमें जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी में ब्लास्ट स्पीकर या मोबाइल कनेक्शन के दौरान होना सामने आ रहा है, लेकिन विस्फोट की असली वजह क्या थी, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।”
इस दौरान मंदिर के पुजारी के पास दिन में आये mms की भी चर्चा बनी हुई।हैं जिसमें कुछ नाम उल्लेखनीय बताये गए हैं और सचेत किया जा रहा है कि बचा लो धमाका होने से पुजारी जी, हालांकि पुजारी ने mms देर रात देखा, चर्चा है कि किसी आतंकी वारदात भी हो सकती हैं यह बहरहाल पुलिस हर एंगल से जाँच कर रही हैं।


