मां कर्मा देवी जयंती पर सामूहिक विवाह सम्मेलन: 11 जोड़ों ने लिए सात फेरे, पद्माकर सभागार से निकली भव्य बारात
बैंड-बाजों के साथ घोड़ों पर पहुंचे दूल्हे, पारंपरिक डोली में हुई दुल्हनों की विदाई; नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान और 11 कारों से घर तक पहुंचाया
सागर। भक्त शिरोमणि मां कर्मा देवी जयंती महोत्सव के अवसर पर साहू समाज युवा मंडल द्वारा रविवार को चौथा निःशुल्क आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने की। इस दौरान 11 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। आयोजन में सामाजिक एकता, परंपराओं और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे पद्माकर सभागार मोतीनगर से भव्य बारात के साथ हुई। बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच निकली बारात में सभी 11 दूल्हे घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे। बारात में दूल्हों के परिजन, समाज के महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोग पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-नगाड़ों और बैंड की धुन पर नाचते-गाते हुए बारात के साथ चल रहे थे, जिससे पूरे मार्ग में उत्सव का माहौल बना रहा।
सामुदायिक भवन में हुआ बारात का स्वागत
युवा मंडल के प्रवक्ता शिवम साहू ने बताया कि बारात साहू समाज सामुदायिक भवन पहुंची, जहां समाज के वरिष्ठजनों और महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से बारात का स्वागत किया। तिलक और कलश पूजन के साथ दूल्हों का अभिनंदन किया गया। इसके बाद सभी जोड़ों की जयमाला की रस्म संपन्न हुई और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संस्कार प्रारंभ हुए। पंडितों द्वारा विधि-विधान के साथ सात फेरे और कन्यादान की रस्म पूरी कराई गई।
नवदंपतियों को दिए गए गृहस्थी के उपयोगी उपहार
सामूहिक विवाह सम्मेलन में नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए लगभग डेढ़ लाख रुपए मूल्य के करीब 100 प्रकार के घरेलू उपयोग के सामान भेंट किए गए। इसमें सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, पलंग और गद्दा, 101 स्टील के बर्तनों का सेट, टेबल-कुर्सी, अलमारी सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। इन उपहारों का उद्देश्य नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत में आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।
पारंपरिक डोली में हुई दुल्हनों की विदाई
सामूहिक विवाह सम्मेलन का सबसे भावुक क्षण तब आया जब सभी दुल्हनों की विदाई पारंपरिक डोली में की गई। यह दृश्य समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। विदाई के दौरान परिजन और समाज के लोग भावुक हो गए। नवविवाहित जोड़ों को उनके घर तक सम्मानपूर्वक पहुंचाने के लिए विशेष रूप से 11 कारों की व्यवस्था की गई थी।
जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहीरवार, अनिल तिवारी, विश्वविद्यालय के कुलपति सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि व समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह ने कहा कि साहू समाज एक ऐसा समाज है जो हमेशा समाज में बदलाव और प्रेरणा देने वाले कार्य करता है। उन्होंने सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे आयोजन के लिए साहू समाज युवा मंडल की सराहना की।
नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहीरवार ने कहा कि वे हर वर्ष इस आयोजन में शामिल होते हैं और आगे भी निरंतर इसमें शामिल होते रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र में मां कर्मा चौक बनाए जाने का प्रस्ताव भी रखा।
अनिल तिवारी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि उन्हें “साहू शैलेन्द्र जैन” नाम से पुकारा जाए, क्योंकि वे स्वयं को इस परिवार का हिस्सा मानते हैं। उन्होंने कहा कि साहू समाज को जिस भी राशि की आवश्यकता होगी, वे हर संभव सहयोग देंगे, चाहे वह 5 लाख हो, 10 लाख, 15 लाख या 20 लाख रुपये ही क्यों न हों।
उन्होंने यह भी कहा कि साहू समाज सामुदायिक भवन में बन रहे मां कर्मा देवी मंदिर और प्रतिमा का अनावरण जल्द ही किया जाएगा। साथ ही उन्होंने साहू समाज युवा मंडल की पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
2023 से शुरू हुई पहल
साहू समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया द्वारा वर्ष 2023 में इस सामूहिक विवाह सम्मेलन की शुरुआत की गई थी। पहले वर्ष 4 जोड़ों का विवाह हुआ था, इसके बाद दूसरे वर्ष 11, तीसरे वर्ष 8 और इस वर्ष चौथे आयोजन में 11 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इस बार कई ऐसे जोड़े भी शामिल थे जिनके माता-पिता या पिता नहीं हैं। समाज के लोगों का कहना है कि यह पहल जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
समारोह में समाज के वरिष्ठजन, साहू समाज युवा मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और आयोजन की सराहना की।


