सागर में घायल मिले काले हिरण ने तोड़ा दम, शिकार की आशंका

सागर में घायल मिले काले हिरण ने तोड़ा दम, शिकार की आशंका

Ad 1

सागर | जिले के बांदरी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बहरोल के जंगलों में पिछले दिनों घायल अवस्था में मिले एक दुर्लभ काले हिरण (ब्लैकबक) की उपचार के दौरान मौत हो गई। हालांकि वन विभाग इसे दुर्घटना मानकर चल रहा है, लेकिन हिरण के पिछले पैरों में आई गंभीर चोटों ने शिकार के प्रयासों की आशंका को जन्म दे दिया है।

खेतों में घिसटता मिला था वन्यप्राणी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मार्च को बहरोल इलाके में ग्रामीणों ने एक काले हिरण को असहाय स्थिति में देखा था। हिरण जंगल से भटककर खेतों की ओर आ गया था और उसके पिछले पैरों में गंभीर चोटें होने के कारण वह चलने में पूरी तरह अक्षम था। वह केवल अपने अगले पैरों के सहारे शरीर को घिसट रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर सक्रिय हुई वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हिरण का रेस्क्यू किया और उसे तत्काल मालथौन पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया।

उपचार नहीं आया काम, मौत बनी पहेली

पशु चिकित्सकों की टीम ने हिरण को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। काले हिरण की मौत की खबर मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। विभाग ने डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया है।

शिकार की आशंका: वन्यजीव विशेषज्ञों और स्थानीय सूत्रों का मानना है कि हिरण के पिछले पैरों में जिस तरह की चोटें थीं, वे किसी शिकारी कुत्ते के हमले या शिकारियों द्वारा बिछाए गए जाल (फंदे) में फंसने से भी हो सकती हैं। क्या हिरण पर किसी हथियार से हमला हुआ था या वह किसी हादसे का शिकार हुआ, यह जांच का विषय है।

पीएम रिपोर्ट पर टिकी वन विभाग की नजर
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वे फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि हिरण की मौत अंदरूनी चोटों की वजह से हुई या कोई अन्य कारण था। यदि रिपोर्ट में शिकार की पुष्टि होती है, तो अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here