इंडक्शन चूल्हा फटा : तेज धमाके से किचन में मचा हड़कंप, मां और दो बच्चे सुरक्षित

0

इंडक्शन चूल्हा फटा : तेज धमाके से किचन में मचा हड़कंप, मां और दो बच्चे सुरक्षित

मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक घर की रसोई में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शहर के पास स्थित खैरीनाका गांव में खाना बनाते समय इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। उस समय किचन में मौजूद मां और उनके दो बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद परिवार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिवार के अनुसार, दोपहर के समय घर में खिचड़ी बनाई जा रही थी और खाना लगभग तैयार हो चुका था। जैसे ही बर्तन उतारने की तैयारी की गई, उसी दौरान इंडक्शन में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि चूल्हे का कांच पूरी तरह टूटकर बिखर गया। इसके टुकड़े खाना और पास रखे दूध में जा गिरे, जिसके बाद दोनों चीजों को तुरंत फेंक दिया गया।
गृहिणी हेमा जाट ने बताया कि गैस सिलेंडर की परेशानी के कारण पिछले कुछ समय से घर में इंडक्शन चूल्हे का ही उपयोग किया जा रहा था। उनका अंदेशा है कि लगातार लंबे समय तक इस्तेमाल और ज्यादा गर्म होने के चलते यह हादसा हुआ होगा।
घटना के समय हेमा के पति धर्मेंद्र जाट खेत पर थे। उन्होंने बताया कि यह इंडक्शन करीब छह महीने पहले खरीदा गया था और उस पर तीन साल की गारंटी भी थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार घबरा गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को कोई चोट नहीं आई।
हेमा जाट के मुताबिक, उनका बेटा स्कूल से लौटा था और उसे भूख लगी थी, इसलिए वह जल्दबाजी में इंडक्शन पर खिचड़ी बना रही थीं। कुकर का प्रेशर निकालने के बाद जैसे ही ढक्कन खोला, उसी दौरान यह हादसा हो गया। उस वक्त बच्चे भी किचन में ही मौजूद थे।
धर्मेंद्र जाट ने बताया कि उन्होंने यह इंडक्शन करीब 2400 रुपये में गुलाब चौराहे पर मानिस सोनी की दुकान से खरीदा था। यह प्रेस्टीज कंपनी का था और तीन साल की वारंटी दी गई थी। घटना के बाद जब उन्होंने दुकानदार से संपर्क किया तो उसने मशीन वापस लेकर नया इंडक्शन देने का आश्वासन दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here