सागर मोतीनगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का मामला..शादीशुदा निकला आरोपी
सागर। जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से कई बार दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार मोतीनगर क्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र निवासी महेंद्र बंसल ने उससे शादी करने का वादा किया था। युवती का आरोप है कि आरोपी ने भरोसे में लेकर सितंबर 2025 में उसे नोहटा बुलाया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक इसके बाद आरोपी कई बार सागर आया और जब घर में कोई नहीं होता था, तब वह उसके घर पहुंचकर भी उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान वह लगातार शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो वह मुकर गया।
इसी बीच युवती को पता चला कि महेंद्र बंसल पहले से ही शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। इसके बाद पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक शिकायत के आधार पर नोहटा पुलिस ने जीरो पर प्रकरण दर्ज कर केस डायरी सागर के मोतीनगर थाने भेज दी थी। मामले की जांच के बाद मोतीनगर पुलिस ने आरोपी को नोहटा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी कई दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर उसे नोहटा क्षेत्र से गिरफ्तार किया और सागर लाया गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


