NH-44 पर भीषण टक्कर: दो कंटेनर आमने-सामने भिड़े, ड्राइवर केबिन में फंसा, 1 घंटे बाद निकाला
सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर बम्होरी बीका के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार दो कंटेनरों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि एक कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद तेज आवाज गूंजते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसी बीच सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। घायल चालक को निकालना आसान नहीं था, क्योंकि वह केबिन में बुरी तरह जकड़ा हुआ था। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर करीब एक घंटे तक मशक्कत की और अंततः कंटेनर की बाड़ी (केबिन) तोड़कर उसे बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल चालक बेहोशी की हालत में मिला, जिसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है और इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, कंटेनर क्रमांक HR 45 D 3263 सागर से नरसिंहपुर की ओर जा रहा था, तभी बम्होरी बीका के पास सामने से आ रहे दूसरे कंटेनर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया।
बताया जा रहा है कि बम्होरी चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चलने के कारण नेशनल हाईवे-44 पर फिलहाल वन-वे ट्रैफिक संचालित हो रहा है। इसी कारण इस हिस्से में एक खतरनाक मोड़ बन गया है, जहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर 18 मार्च को भी ट्रक और कंटेनर के बीच आमने-सामने टक्कर हुई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


