खेत से थाली तक महिला किसानों ने संभाली देश की पोषण की कमान: डॉ. प्रतिभा तिवारी

खेत से थाली तक महिला किसानों ने संभाली देश की पोषण की कमान: डॉ. प्रतिभा तिवारी

सागर | भारतीय स्त्रीशक्ति मध्य प्रदेश द्वारा कपूरिया गांव में ‘महिला किसान वर्ष’ के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्पादन से लेकर उपयोग तक की प्रक्रिया पर चर्चा, संपर्क और सर्वेक्षण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।

कृषि कार्यबल में महिलाओं की 42% भागीदारी
अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए भारतीय स्त्रीशक्ति मध्य प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा तिवारी ने कहा कि आज महिला किसान खेत से लेकर थाली तक देश की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि भारत के कृषि कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी लगभग 42% तक पहुंच गई है। महिलाएं अब केवल श्रमिक नहीं बल्कि निर्णय लेने वाली उद्यमी बन गई हैं। वे प्लास्टिक-अनुकूल खेती और पारंपरिक उद्यमों के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है।

श्री अन्न (मिलेट्स) से कुपोषण पर प्रहार

मुख्य अतिथि और भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रांत की उपाध्यक्ष ज्ञानमंजरी दीक्षित ने कहा कि दुनिया अब जंक फूड छोड़कर ‘श्री अन्न’ (मिलेट्स) की ओर लौट रही है। महिला किसान इस बदलाव की अगुवाई कर रही हैं। वे न केवल पोषण से भरपूर अनाज उगा रही हैं, बल्कि समाज को कुपोषण से बचाने का कार्य भी कर रही हैं। खेत से थाली तक का यह सफर शुद्धता और स्वास्थ्य की गारंटी है।

खेत से निकलकर ब्रांड बन रहा माल

नगर अध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा उपाध्याय ने प्रसंस्करण (प्रॉसेसिंग) के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं अब सिर्फ अनाज नहीं उगातीं, बल्कि गांव-गांव में मसाला यूनिट्स, दाल मिल और पैकेजिंग सेंटर्स चला रही हैं। इससे खेत का उत्पाद सीधे ब्रांड बनकर बाजार में पहुंच रहा है।

जैविक खेती पर जोर

कार्यक्रम में जैविक कृषि वैज्ञानिक आकाश चौरसिया ने जैविक उत्पादों के महत्व से अवगत कराया। इस दौरान डॉ. वीरेंद्र गौतम और संजय प्रजापति ने जैविक कृषि की बारीकियों को समझा।
कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन सचिव सुमन तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुलोचना तिवारी, सुनीता ठाकुर, ज्योति गौतम, वैशाली भदौरिया, खुशी, मुस्कान, रिचा और साक्षी सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ‘वन्दे मातरम्’ गान के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here